प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नागरिकों के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग को प्रोत्साहित करने और ईज ऑफ लिविंग को बढ़ाने की परिकल्पना के अनुरूप, एनएचएआई ने 15 अगस्त 2025 से देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर ‘फास्टैग वार्षिक पास’ की सुविधा सफलतापूर्वक लागू कर दी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करने वालों के लिए एक निर्बाध और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करते हुए, फास्टैग वार्षिक पास एक साल की वैधता या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग के लिए 3,000 रुपये के एकमुश्त शुल्क के माध्यम से फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता को समाप्त करता है। यह फास्टैग वार्षिक पास सभी गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए लागू है जिनके पास एक वैध फास्टैग है और यह राजमार्गयात्रा ऐप या एनएचएआई वेबसाइट के माध्यम से एकमुश्त शुल्क का भुगतान करने के दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।
लागू होने के पहले दिन, शाम 7 बजे तक, लगभग 1.4 लाख उपयोगकर्ताओं ने वार्षिक पास खरीदे और उन्हें सक्रिय किया, और टोल प्लाजा पर लगभग 1.39 लाख लेन-देन दर्ज किए गए।
पास उपयोगकर्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए, 1033 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन को 100 से अधिक कर्मियों को जोड़कर और भी मजबूत किया गया है

