नगर निगम बुरहानपुर द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025_26 क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा —महापौर
बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी) स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। बुरहानपुर की महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल द्वारा समस्त माननीय जन प्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठन, धार्मिक संगठन एवं सफाई मित्रों को उक्त कार्यशाला में आमंत्रित किया गया है। क्षेत्र में फील्ड सत्यापन कार्य दिनांक 15.04.2026 से 30.05.2026 के मध्य प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण की तैयारियों को सुदृढ़ करने तथा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एक दिवसीय “स्वच्छता संवाद एवं क्षमतावर्धन कार्यशाला” दिनांक 24.04.2026 को परमानंद गोविंद जी वाला ऑटो टोरियम में सुबह 10.00 बजे से आयोजित किया जा रहा है।इस कार्यशाला का उद्देश्य नवीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ जनभागीदारी को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में तीन प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे—प्रथम सत्र में बुरहानपुर के समस्त माननीय जनप्रतिनिधियों (माननीय सांसद, विधायक, महापौर, निगमाध्यक्ष एवं पार्षदगण) की गरिमामयी उपस्थिति में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें नवीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।द्वितीय सत्र में विभिन्न हितधारकों जैसे व्यापारी संगठन, धार्मिक संगठन, फार्मासिस्ट एसोसिएशन, पावरलूम एसोसिएशन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी, जिसमें विषय विशेषज्ञों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं बायो-वेस्ट जनरेशन से संबंधित दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।तृतीय सत्र में नगर निगम के सफाई मित्रों के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के विभिन्न आयामों तथा उनकी सुरक्षा एवं कार्यक्षमता वृद्धि हेतु विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसके उपरांत सामूहिक भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।इस कार्यशाला में संचालनालय नगरीय विकास एवं आवास विभाग से स्वच्छ भारत मिशन के उप मिशन संचालक श्री निलेश दुबे की गरिमा मय उपस्थित रहेगी ।

